मेरठ। दिवाली से पहले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 273 दर्ज किया गया, जिससे यह देश का छठा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। बढ़ते प्रदूषण के कारण निवासियों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
एनसीआर के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है। गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर बना, जहां AQI 324 दर्ज किया गया। वहीं, बागपत 286, मुजफ्फरनगर 283, हापुड़ और नोएडा भी 300 के करीब पहुंच रहे हैं। मेरठ के विभिन्न इलाकों में जयभीम नगर सबसे प्रदूषित रहा, जहां AQI 312 रहा। गंगानगर 240, पल्लवपुरम 267, बेगमपुल 275 और दिल्ली रोड 281 AQI दर्ज किया गया।
हालांकि ग्रेप सिस्टम लागू है, लेकिन प्रदूषण घटने की बजाय बढ़ रहा है। खुले में निर्माण कार्य बिना कवर किए जारी हैं, सड़कों पर धूल उड़ रही है और धुआं छोड़ते वाहन तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिससे प्रदूषण और बढ़ सकता है। प्रदूषण विभाग ने चेतावनी दी है कि लोग आवश्यक होने पर मास्क का उपयोग करें और बच्चे, बुजुर्ग तथा सांस संबंधी रोगियों को प्रदूषण वाले इलाकों में जाने से बचना चाहिए।











Discussion about this post