शामली। शामली के सदर में एक महिला को पिछले एक साल से परेशान करने का मामला सामने आया है। अटलबिहारी कालोनी की रहने वाली पीड़िता ने अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि पंसारिया निवासी मेहताब पिछले एक साल से उसे लगातार फोन कर अश्लील बातें करता है। आरोपी जबरदस्ती संबंध बनाने की बात कहता है। मना करने पर वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बदनाम करने की धमकी देता है।
पीड़िता ने जब अपने पति के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई, तो मेहताब ने अपनी पत्नी और 7-8 लोगों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। साथ ही पीड़िता और उसके छोटे बच्चों को अपहरण कर जान से मारने की धमकी दी।
मामला दो समुदायों से जुड़ा है। शिकायत के 5 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एसपी रामसेवक गौतम ने पीड़िता को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र में एक नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया था।











Discussion about this post