मेरठ। श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा 2025 के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन हेतु आयुक्त मेरठ मंडल हृषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में मंडलीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
आयुक्त सभागार में हुई इस बैठक में सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, परिवहन, एनएचएआई, जल निगम, मंडी समिति सहित कई विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मार्गों के किनारे की झाड़ियों की कटाई, शौचालयों की नियमित सफाई तथा हैंडपंपों को क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी उपायों पर जोर देते हुए उन्होंने एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने और एम्बुलेंस तैनात करने को कहा। साथ ही एंटीवेनम दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जहां-जहां बिजली के तार कांवड़ मार्गों से क्रॉस करते हैं वहां गार्डिंग व चेतावनी संकेत लगाए जाएं। बिजली पोल को पॉलीथिन से कवर किया जाए, अर्थिंग की व्यवस्था हो तथा ट्रांसफार्मर को जाली से कवर किया जाए। यात्रा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने व शिविरों में कनेक्शन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। घाटों की बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और वेंडरों के लिए रेट लिस्ट चस्पा करने जैसे बिंदुओं पर भी निर्देश जारी हुए। परिवहन विभाग को बस स्टेशनों पर जलभराव रोकने, सफाई सुनिश्चित करने और रूट डायवर्जन की योजना तैयार करने के लिए कहा गया। बैठक में अपर आयुक्त अमित कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त बलिराम, तथा अन्य मंडलीय अधिकारी भी मौजूद रहे।











Discussion about this post