मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वी.के.सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा विक्रेताओं एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में यूपीनेडा मेरठ के परियोजना प्रभारी ने योजना की अब तक की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस योजना की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी के स्तर पर साप्ताहिक और उनके स्तर पर मासिक रूप से अनिवार्य रूप से हो।
उन्होंने विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिशासी अभियंता और इंटेली स्मार्ट से जुड़ी समस्याओं पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही इस विषय में प्रबंध निदेशक, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को अर्द्धशासकीय पत्र भेजे जाने का आदेश भी दिया।
एलडीएम मेरठ एवं अधिशासी अभियंता मेरठ को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर सूचनाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही योजना के पोर्टल पर चल रहे आवेदन लीकेज को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा गया।
परियोजना प्रभारी यूपीनेडा मेरठ को निर्देश दिए गए कि यदि किसी वेण्डर की संलिप्तता लीकेज या अन्य गड़बड़ियों में पाई जाती है तो तत्काल यूपीनेडा मुख्यालय को पत्र भेजकर ऐसे वेण्डर्स को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करें।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने सभी वेण्डर्स को अपनी शिकायतें लिखित रूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में प्रमुख रूप से लवी त्रिपाठी (अपर नगर आयुक्त), विपिन कुमार और रामयश यादव (अधिशासी अभियंता विद्युत), राकेश कुमार खन्ना (एलडीएम मेरठ), प्रमोद कुमार शर्मा (परियोजना प्रभारी यूपीनेडा मेरठ), एवं वेण्डर्स प्रतिनिधि हरि लाठे, सुगम मोहन, शगुन कुमार, तरुण दत्ता, गर्वित गौतम आदि मौजूद रहे।











Discussion about this post