मेरठ। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव कुराली के पास बदमाशों ने गुरुवार को एक कबाड़ व्यापारी से 42 हजार रुपये लूट लिए। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। एसपी ग्रामीण और सीओ सरधना ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने बताया है कि जांच में रुपये गायब होने की बात सामने आई है।
वासिद पुत्र शौकीन निवासी हापुड़ चुंगी मेरठ कबाड़ी का काम करता है। वासिद ने बृहस्पतिवार को दोपहर में पुलिस को सूचना दी कि उससे अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर मेरठ-बागपत मार्ग गांव कुराली के पास 42 हजार रुपये लूट लिए। लूट की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात राकेश मिश्रा और सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल भी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने लूट की सूचना देने वाले वासिद से पूछताछ की।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल के अनुसार पूछताछ में पता चला कि वासिद मेरठ के कबाड़ी से रोजाना रुपये उधार लेकर आता था। शाम को कबाड़ा उसे बेच देता था। बृहस्पतिवार को भी वासिद 42 हजार रुपये उधार लेकर आया था, लेकिन रास्ते में वासिद से रुपये कहीं खो गए। रुपये वापस न करने पड़ें, इसलिए उसने लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने वासिद को चेतावनी देकर छोड़ दिया।











Discussion about this post