मेरठ। मेरठ-बागपत मार्ग के पावटी संपर्क मार्ग स्थित नशा मुक्ति केंद्र पर शुक्रवार को उत्तराखंड के मरीज मोहित की पीट-पीटकर हत्या के मामले में रविवार को मृतक के पिता ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से ही नशा मुक्ति केंद्र का आरोपी संचालक फरार है।
उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव निवासी मोहित (24) पुत्र अजीत नशे का आदी था। कुछ दिन पहले मोहित को नशे की लत छुड़ाने के लिए मेरठ के जानी क्षेत्र के गांव पावटी मार्ग पर स्थित आयुष फाउंडेशन के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया था। बताया गया कि शुक्रवार की दोपहर किसी बात पर मोहित की नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करवा रहे एक अन्य युवक से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने पीट-पीटकर मोहित को अधमरा कर दिया था। इससे मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालत बिगड़ने पर नशा मुक्ति केंद्र संचालक हरीश उपचार के लिए घायल मोहित को पास के ही एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया था, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद संचालक हरीश, मृतक माेहित को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गया था। अस्पताल कर्मियों ने घटना की जानकारी जानी पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ गांव लिब्बरहेड़ी ले गए थे।
रविवार को मृतक के पिता अजीत ने घटना की रिपोर्ट नशा मुक्ति केंद्र संचालक हरीश, सौरभ, बिल्लू, शोएब और अमर शर्मा उर्फ अमरकांत के खिलाफ दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने मोहित की डंडे से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस कारण उसकी मौत हुई। वहीं, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन कोई भी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं सका।











Discussion about this post