बरेली : युवक ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसाया। उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने जब शिकायत करने की धमकी दी तो कार्रवाई के डर से आरोपी ने उससे शादी कर ली। शादी के बाद उसे बेरहमी से पीटा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली के किला क्षेत्र में रहने वाली युवती के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया। कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी के परिजनों ने साजिश के तहत दोनों की शादी करा दी। बाद में दहेज के लिए उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
पीड़िता के मुताबिक किला क्षेत्र में रहने वाला युवक उसे बहला-फुसलाकर शहर के एक होटल में ले गया और नशीला पदार्थ पिला दिया। उसने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। युवती ने कहा कि वह इस मामले में शिकायत दर्ज कराएगी। इस पर कार्रवाई के डर से आरोपी और उसके परिजनों ने साजिश रचकर 20 फरवरी को उसकी शादी करा दी।
युवती का कहना है कि वह अनाथ है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। इसलिए शादी में कोई सामान नहीं दिया गया। युवती का आरोप है कि शादी के तीन दिन बाद ही आरोपी युवक, उसकी मां और अन्य परिजनों ने पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की। दो लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। धमकी दी कि विरोध किया तो जान से मार देगा। किसी तरह जान बचाकर पीड़िता अपनी बहन के घर पहुंची और पूरी घटना बताई।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उसके बैंक खाते से रुपये भी निकाल लिए हैं। पीड़िता ने किला थाने में आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।











Discussion about this post