मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के मुल्हेड़ा-बपारसी मार्ग पर तीन युवकों ने एक मुस्लिम धर्मगुरु का आधार कार्ड चेक किया और उसे पाकिस्तानी बताकर दरांती से हमला कर दिया। इसके बाद वे उसे एक ट्यूबवेल पर ले गए और गर्दन काटने की धमकी दी। किसी तरह छूटकर पीड़ित ने मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव बपारसी के चौराहे पर ग्रामीणों को आपबीती बताई। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है।
आलमगीर पुत्र सलीम निवासी पांचली बुजुर्ग ने बताया कि वह गांव के ही जामिया हुसैनिया बैतूल उलूम मदरसे में टीचर हैं। वह मुजफ्फरनगर के गांव नंगला-भनवाड़ा से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। मुल्हेड़ा-बपारसी मार्ग पर एक सुनसान नलकूप के पास पहुंचे तो वहां तीन युवकों ने घेर लिया। बाइक की चाबी निकाल कर आरोपी युवकों ने नाम पूछकर आधार कार्ड चेक किया। उन्हें पाकिस्तानी कहते हुए मारपीट की और नलकूप के कमरे में ले गए।
आरोप है कि धमकी देते हुए दरांती से गर्दन काटने का प्रयास किया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर भागते हुए मेरठ-करनाल हाईवे पर पहुंचा और ग्रामीणों को आपबीती बताई। तब तक आरोपी युवक पीड़ित की बाइक लेकर वहीं पहुंच गए और दोबारा हमले का प्रयास किया। ग्रामीणों ने आरोपियों का घेराव करते हुए पुलिस को सूचना दी। मौलाना पर जानलेवा हमले की सूचना पर पांचली बुजुर्ग के काफी ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान पति मसरूफ अहमद ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही थाने में तहरीर दी। वहीं, मामला मौलाना से जुड़ा होने पर तनाव की स्थिति बन गई। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। किसी भी हालत में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।











Discussion about this post