मेरठ। मेरठ नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने आधी रात को शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएम ग्रिड योजना के तहत तेजगढ़ी चौराहे से गांधी आश्रम तक बन रही सड़क का जायजा लिया। उन्होंने पुलिया निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अभियंताओं को 18 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य में देरी से गढ़ रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आम जनता को खासी परेशानी हो रही है। उन्होंने सड़क के बाइंडिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय गिट्टी और डस्ट डालकर समतलीकरण का कार्य चल रहा था।
सौरभ गंगवार ने कमिश्नरी आवास चौराहा से सीसीएस यूनिवर्सिटी, तेजगढ़ी से एल ब्लॉक तिराहा, एल ब्लॉक से हापुड़ अड्डा चौराहा और बच्चा पार्क चौराहा तक निर्माण और सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
स्वच्छता की दिशा में, उन्होंने पशु चिकित्सालयों के पास मिले कूड़े को तत्काल हटवाने और बच्चा पार्क चौराहे पर स्थित ढलावघर से रात्रि पाली में भी कूड़ा उठाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ स्वास्थ्य प्रभारी को निर्देश दिए गए कि शहर की मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन रात में रोड स्वीपिंग मशीनों से सफाई कराई जाए और वॉटर स्प्रिंकलर से जल छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बना रहे।











Discussion about this post