खतौली। कोतवाली के ठीक पीछे मोहल्ला लाल मोहम्मद में हुई सनसनीखेज डकैती के 20 दिन बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस गुत्थी को लगभग सुलझा लिया है और किसी भी वक्त लूट के माल की बरामदगी के साथ घटना का औपचारिक खुलासा किया जा सकता है।
अपनों ने ही की ‘गद्दारी’: करीबी पिता-पुत्र हिरासत में-
इस मामले में पुलिस ने कस्बे के ही एक मोहल्ले से एक पिता और पुत्र को हिरासत में लिया है। चर्चा है कि ये दोनों पीड़ित परिवार के बेहद करीबी रहे हैं। 5 दिसंबर को हुई इस वारदात में तीन नकाबपोश बदमाशों ने जिस सटीकता से सीधा उसी अलमारी को निशाना बनाया जिसमें जेवर और नकदी रखी थी, उसने पहले दिन से ही किसी ‘भेदी’ (विभीषण) की मौजूदगी की ओर इशारा कर दिया था।
सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सुराग बने मददगार-
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस डकैती को पुलिस के लिए चुनौती बताया था, वहीं एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने भी कोतवाल दिनेश चन्द्र बघेल को जल्द खुलासे के सख्त निर्देश दिए थे। केस को सुलझाने के लिए कोतवाली पुलिस, एसओजी (SOG) और क्राइम ब्रांच की टीमों ने खतौली से लेकर दिल्ली और मुजफ्फरनगर के बस स्टैंडों व रेलवे स्टेशनों तक के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
रिकवरी का इंतजार, फिर होगा पर्दाफाश-
डिजिटल साक्ष्यों और हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र से पूछताछ के आधार पर पुलिस लुटेरों के करीब पहुंच चुकी है। अब पुलिस का मुख्य ध्यान लूटे गए आभूषणों और नकदी की शत-प्रतिशत बरामदगी पर है। बरामदगी की प्रक्रिया पूरी होते ही पुलिस इस दुस्साहसिक वारदात का आधिकारिक तौर पर पर्दाफाश करेगी।










Discussion about this post