मुज़फ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मदीना चौक पर कांवड़ मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। देर रात हुई तेज बारिश के बाद सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे स्ट्रीट लाइट के खंभे से करंट पानी में प्रवाहित हो गया। इस हादसे में 20 वर्षीय युवक समद पुत्र नूर मोहम्मद की मौत हो गई।
समद सैफी कॉलोनी का निवासी था और बाल कटवाने के लिए गया था। करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही झुलस गया और गिर पड़ा। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है, लेकिन घटना ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जबकि कांवड़ यात्रा से पहले डीएम, एसपी, मंत्री, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया था।
हादसे के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक करंटयुक्त पानी में औंधे मुंह पड़ा दिख रहा है और एक अन्य युवक बांस की मदद से उसे हटाने की कोशिश कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर, सीओ सिटी राजू कुमार साव, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की गई।
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था और विद्युत पोल से करंट पानी में उतर गया, जिससे यह हादसा हुआ। तकनीकी टीम द्वारा जांच की जा रही है।
घटना के बाद AIMIM जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की।
AIMIM नेता दीन मोहम्मद अब्बासी ने कहा कि नगर पालिका की लापरवाही से पहले सड़कों और नालों की स्थिति खराब थी और अब जान जाने लगी है। उन्होंने नगरपालिका के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।










Discussion about this post