मीरापुर। मीरापुर कस्बे के मोहल्ला नमक मंडी निवासी सचिन कुमार (30) पुत्र बिजेंद्र चौधरी का शव पांच दिन बाद गुरुवार को गंगा नदी से बरामद हुआ। 27 जुलाई को सचिन बिना किसी को बताए गुस्से में घर से निकल गया था और उसी दिन से रामराज थाना क्षेत्र में गेट नंबर 15 के पास उसकी बाइक, जूते व अन्य सामान मिलने के बाद से ही उसके परिजन किसी अनहोनी की आशंका से ग्रस्त थे।
गंगा बैराज क्षेत्र में लगातार पीएसी के गोताखोरों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। गुरुवार को मेरठ जनपद के मवाना क्षेत्र स्थित ग्राम मखदुमपुर के पास बहती गंगा में एक युवक का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी। काफी प्रयासों के बाद शव को बाहर निकाला गया।
शव की हालत सड़-गल जाने के कारण बेहद खराब थी, लेकिन कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर परिजनों ने उसे सचिन कुमार के रूप में पहचान लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक की मौत का कारण गंगा में डूबना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सचिन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजन बिलख पड़े। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।










Discussion about this post