मेरठ। अब अगर आप उत्तर प्रदेश के मेरठ में रात 11 बजे के बाद फास्ट फूड या पान की दुकान ढूंढने निकलेंगे तो आपको निराशा हाथ लग सकती है। गुरुवार से मेरठ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शहर में रात 11 बजे के बाद सभी दुकानें बंद करने का आदेश लागू कर दिया है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर पुलिस टीमों ने शहर के मुख्य मार्गों, गली-मोहल्लों और चौराहों पर घूमकर उन दुकानों को बंद कराया जो देर रात तक खुली थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक खुली दुकानें अक्सर असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का अड्डा बन जाती हैं। युवकों की भीड़, बाइकर्स की टोली और अवांछित गतिविधियां शहर में शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बन रही थीं।
अब सिर्फ रोडवेज बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर स्थित चाय व भोजन की दुकानें ही देर रात तक खुली रह सकेंगी। बाकी सभी दुकानें रात 11 बजे तक बंद करनी होंगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस नए कदम को लेकर व्यापारियों और आम नागरिकों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।











Discussion about this post