मवाना। राष्ट्रीय हिंदू संघर्ष समिति ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मवाना और हस्तिनापुर में चल रहे ओयो होटलों को बंद करने की मांग की।
समिति की ओर से एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से मवाना व हस्तिनापुर कस्बे व गांवों में कई होटलों में वेश्यावृत्ति जैसी असामाजिक गतिविधियां पाई गई हैं। इन पर प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई है। लेकिन इससे भी इन होटलों की अवैध गतिविधियों पर लगाम लगती नहीं दिख रही है। पिछले कुछ वर्षों में तहसील के देहात क्षेत्र में भी ऐसे होटलों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। इनकी आय का स्रोत अन्य प्रकार की गतिविधियां ही हैं। कई बार इन होटलों में हो रही असामाजिक गतिविधियों से त्रस्त होकर आमजन द्वारा होटल पर हंगामे की भी घटनाएं हो चुकी हैं।
ज्ञापन में एसडीएम से मांग की गई है कि समय-समय पर इन होटलों का निरीक्षण किया जाए। साथ ही औचक निरीक्षण भी किया जाए। जिससे इन होटलों में चल रही असामाजिक व असंवैधानिक गतिविधियों पर लगाम लग सके। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल, रजनीश रोहाल, प्रवीण जैन, रवि रस्तोगी, संदीप, विनोद गुप्ता आदि शामिल रहे।











Discussion about this post