मेरठ। पांचली खुर्द के इमरान हत्याकांड में वांछित 25 हजार के इनामी रिंकू की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी ने जानी थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी ने यह कार्रवाई वीडियो कांफ्रेंस क्राइम मीटिंग के दौरान की। इंस्पेक्टर ने अन्य मामलों में भी लापरवाही बरती है।
जानी थाना क्षेत्र के गांव पांचली खुर्द में बीती आठ फरवरी को शातिर अपराधी रिंकू ने फायरिंग कर इमरान की हत्या कर दी थी। इस दौरान इमरान के दो भाइयों को भी गोली मारी थी। एसएसपी ने रिंकू पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। जानी पुलिस अभी तक रिंकू को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके अलावा मेरठ बाइपास हाईवे पर स्थित एक मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ छात्र ने छेड़छाड़ की थी। जानी इंस्पेक्टर ने आरोपी छात्र की गिरफ्तारी में देरी की थी।
भोला गांव में दो बिरादरियों के बीच मारपीट होने पर ग्राम प्रधान पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान ने एसएसपी से की थी। झगड़े की धाराओं को कम करके मामला दर्ज करने पर सिसौला खुर्द के ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर पर धरना दिया था। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मंगलवार रात वीडियो कांफ्रेंस से सभी थानाध्यक्षों की क्राइम मीटिंग ली। इसी मीटिंग में उक्त मामलों को लेकर एसएसपी ने जानी इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।











Discussion about this post