मेरठ। मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र की अलकनंदा धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ज्ञानेश (38) के रूप में हुई है, जो सेना में तैनात सूबेदार विपिन की पत्नी थी।
जानकारी के अनुसार विपिन वर्तमान में राजस्थान में तैनात हैं और उनकी पत्नी मेरठ में दो बेटों के साथ किराए पर रह रही थीं। शनिवार सुबह विपिन का छोटा भाई जब गांव से उनके घर पहुंचा, तो उसने ज्ञानेश को कमरे में फंदे पर लटका हुआ पाया।
घटना की सूचना पर गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घर में जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।
परिजनों ने पूछताछ में बताया कि दोनों बच्चे लंबे समय से बीमार रहते हैं, जिस वजह से ज्ञानेश मानसिक रूप से परेशान थीं। अप्रैल में ही विपिन ड्यूटी पर लौटे थे। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post