शामली। मंगलवार को शामली के विकास भवन में व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने की। बैठक में व्यापारियों एवं उद्योगपतियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, अंकित गोयल ने IGL पाइपलाइन बिछाने के कारण खराब हुई सड़कों का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने ईओ शामली को सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। कांधला में नेशनल इंटर कॉलेज से द गोल्ड स्कूल तक सड़क निर्माण और दिल्ली बस स्टैंड के पास नाले के निर्माण को लेकर भी कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ईओ कांधला के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। रोडवेज डिपो और आधुनिक बस अड्डा बनाए जाने के प्रस्ताव पर एआरएम को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश मिले।
जिलाधिकारी ने श्रम बंधु बैठक के दौरान योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को कैंप लगाकर दिलाया जाए और विकास भवन, जिला मुख्यालय व ब्लॉकों पर होर्डिंग लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाए।
औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। हिण्डन नदी की स्वच्छता, औद्योगिक नाले की पाइपलाइन में बार-बार हो रही जाम की समस्या और टिटौली ड्रेन की सफाई जैसे मुद्दों पर अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की। टिटौली ड्रेन की सफाई की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें एसडीएम, उद्योग विभाग का अधिकारी और उद्योग बंधु का प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट फंड के तहत 501.90 लाख रुपये की लंबित राशि के लिए शासन को रिमाइंडर भेजने पर भी चर्चा हुई। अंकित गोयल ने बताया कि बुधवार को जिले में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के आगमन पर यह रिमाइंडर उन्हें सौंपा जाएगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग जेस्मिन, सहायक श्रमायुक्त अचला पांडेय, राज्य कर अधिकारी, आईटीआई प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











Discussion about this post