खतौली। मंगलवार को खतौली तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक का सरकारी बकाया न चुकाने पर मंसूरपुर स्थित सर शादी लाल डिस्टलरी एंड केमिकल वर्क्स की संपत्ति को जब्त कर सील कर दिया।
यह कार्रवाई एसडीएम राजकुमार भारती द्वारा 25 जुलाई को जारी आरसी प्रपत्र 38 (तुर्की अधिपत्र) के अंतर्गत की गई। मंगलवार को तहसीलदार अरविंद कुमार के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीम फैक्ट्री पहुंची और ₹4,53,35,665 की बकाया धनराशि की अदायगी नहीं होने पर संपत्ति की सीलिंग कर दी गई।
इस दौरान राजस्व विभाग, लेखपाल और अमीन समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कुर्की और सीलिंग की प्रक्रिया को पूरा किया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, फर्म को पहले भी बकाया जमा करने के लिए कई नोटिस दिए गए थे, लेकिन बार-बार की चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
अब तहसील प्रशासन ने बकाया वसूली के लिए सख्त रुख अपनाते हुए यह कठोर कदम उठाया है। संभावना जताई जा रही है कि यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो आगे नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।










Discussion about this post