मुजफ्फरनगर। रुड़की चुंगी मदीना चौक से लेकर सरवट फाटक तक बन रही 100 फीट चौड़ी मुख्य सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता पाई और तत्काल प्रभाव से काम को रुकवाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि सड़क के बेस (बैड) की मोटाई मानक अनुसार 10 इंच होनी चाहिए, लेकिन मौके पर जाकर देखा गया कि उसमें हल्की क्वालिटी की सामग्री और कम मटेरियल का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कार्य को मानकों के अनुरूप न कराया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कपिल देव अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह एक महत्वपूर्ण सड़क है, जो वर्षों से लंबित थी। हमने इस सड़क की स्वीकृति के लिए लंबे समय से प्रयास किया। जब काम शुरू हुआ, तो हमने तय किया कि इसकी गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा।”
उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र जलभराव से बुरी तरह प्रभावित रहता था, और हर साल बारिश में यह सड़क बेकार हो जाती थी। अब जब इसे बनाया जा रहा है, तो उसका लेवल, नाले की ऊंचाई और पूरी सड़क की संरचना पूरी तरह से तकनीकी जांच के बाद ही स्वीकृत की जाएगी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं फिर से मौके पर जाकर दोबारा निरीक्षण करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि सरकार द्वारा तय किए गए क्वालिटी पैरामीटर्स के अनुसार ही काम हो।











Discussion about this post