मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर बिलासपुर कट पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कट को बंद कर दिया गया। इस निर्णय से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कट को दोबारा खुलवाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल गुरुवार को बिलासपुर गांव के ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मुलाकात कर कहा कि बिलासपुर, कुकड़ा, धंधेड़ा और सीखेड़ा जैसे गांवों के लोगों को कट बंद होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग बिजनौर तक जाता है और ट्रैफिक भी अत्यधिक रहता है। ऐसे में इस कट को खोलना बेहद जरूरी है। मंत्री ने यह भी बताया कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से उन्होंने इस मसले पर चर्चा की है और एक पुल निर्माण के लिए पत्र भी लिखा है, जिस पर अगले दो-तीन महीने में टेंडर जारी होने की संभावना है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पुलिस विभाग और एसडीएम सदर की संयुक्त कमेटी बनाकर मौके का निरीक्षण कराने और रिपोर्ट के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। डीएम की ओर से मिले आश्वासन के बाद मंत्री और ग्रामीण वापस लौट गए।
राज्यमंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर स्वयं गंभीर हैं और सड़क सुरक्षा व क्षेत्रीय जनता की सुविधा दोनों को ध्यान में रखते हुए समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं।










Discussion about this post