मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले मजदूर परिवार की 14 वर्षीय किशोरी से एक युवक ने दुष्कर्म किया। अब किशोरी सात माह की गर्भवती है। पीड़िता के भाई ने गुरुवार रात आरोपी युवक भोला के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। एएचटीयू और महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी पीड़िता और परिवार से जानकारी ली है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार मूल रूप से हमीरपुर जनपद का रहने वाला है। यहां परतापुर क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है। इसी परिवार की 14 साल की किशोरी के साथ मोहल्ले के ही रहने वाले युवक भोला ने करीब सात महीने पहले दुष्कर्म किया था। उसने किशोरी को किसी से जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इससे किशोरी डरी सहमी रहने लगी थी।
परिजनों ने किशोरी को उसकी बहन के पास भेज दिया था। बहन के पास रहते हुए किशोरी की हालत ठीक नहीं रहती थी। कुछ दिन पहले बहन ने किशोरी को मेरठ परिजनों के पास भेज दिया। परिजनों ने किशोरी की हालत ठीक नहीं होने पर बुधवार को डॉक्टर को दिखाया। महिला डॉक्टर ने परीक्षण किया तो पाया कि किशोरी करीब सात महीने की गर्भवती है।
इसकी जानकारी मिलने पर परिजन परेशान हो गए। पूछने पर किशोरी ने भोला द्वारा उसके साथ किए दुष्कर्म की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने बृहस्पतिवार को परतापुर पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के बताया कि पीड़िता के भाई की ओर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है।











Discussion about this post