शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है और जिम्मेदार विभागों की चुप्पी इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रात के अंधेरे में ओवरलोड डंपर सड़कों पर बेखौफ दौड़ते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मिट्टी खनन जिले के शाहपुर रोड पर गांव सेहंटा के पास हो रहा है, जहां नामी माफिया अमजद द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के भारी मशीनों से मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह मिट्टी गांव कुडाना के जंगलों से निकाली जाती है और फिर डंपरों में भरकर मुजफ्फरनगर रोड स्थित नवविकसित कॉलोनियों में ऊंचे दामों पर बेची जाती है। आश्चर्य की बात यह है कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को न तो यह ओवरलोड डंपर दिखाई दे रहे हैं, न ही कोई कार्रवाई होती दिख रही है। आरोप है कि करीब आधा दर्जन डंपर — जो उड़ीसा राज्य के नंबर पर दर्ज हैं — इस अवैध खनन कार्य में लगे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया अमजद खुलेआम दावा करता है कि उसका प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों से “सेटिंग” है और इसलिए उसे कोई नहीं रोक सकता। इसके चलते न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकार के राजस्व को भी भारी चूना लगाया जा रहा है।
इस पूरे मामले पर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शामली जनपद में लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं और जल्द ही चिन्हित माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post