मुज़फ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तितावी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात करीब 12 बजे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर अपराधी अमित को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू किया जा सका।
बदमाश की पहचान काज़ीखेड़ा निवासी अमित के रूप में हुई है, जिस पर पहले से आईफोन लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
कैसे हुआ मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम जानकारी के अनुसार, तितावी थाना पुलिस रात्रि गश्त के तहत संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया।
भागते समय बाइक फिसल गई, जिसके बाद खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
कुछ दिन पहले महिला से लूटा था आईफोन सीओ फुगाना ऋषिका सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अमित वही बदमाश है, जिसने कुछ दिन पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला से आईफोन लूटा था। उस मामले में उसका साथी विजय उर्फ गोल्डी पहले ही एक मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हो चुका है। मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अमित फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
बदमाश से तमंचा, बाइक और कारतूस बरामद पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। फिलहाल अमित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि अमित कई अन्य लूट और चोरी की वारदातों में भी संलिप्त रहा है।
एसपी का निर्देश, अपराधियों पर हो कार्रवाई एसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जिले भर में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कई लुटेरों, तस्करों और अपराधियों को या तो पकड़ा गया है या मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।”
क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी सीओ फुगाना ऋषिका सिंह ने बताया- “बदमाश अमित कई वारदातों में वांछित था। पुलिस चेकिंग के दौरान उसने पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में उसे गोली लगी। वह घायल है और अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद असलहा और अन्य वस्तुएं फोरेंसिक जांच के लिए भेजी जा रही हैं।”










Discussion about this post