मुजफ्फरनगर। 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस डीएवी इण्टर कॉलेज, आर्य समाज रोड, मुजफ्फरनगर के प्रांगण में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साथ में सहारनपुर मंडल के कमिश्नर अटल कुमार राय, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण आज 193 देशों में एक साथ योग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “Yoga for One Earth, One Health” अभियान के जरिए विश्व भर में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है।
“योग सिर्फ शरीर ही नहीं, मन को भी स्वस्थ करता है। यह हमें संयम और संतुलन का मार्ग दिखाता है, जो एक समर्पित नागरिक बनने में मदद करता है।”
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने स्वास्थ्य की अहमियत को समझा। योग ने वैश्विक महामारी के समय में एक संबल का काम किया और आज लोग स्वास्थ्य के प्रति पहले से अधिक सजग हो गए हैं।
पेड़ कटाई के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में सोमेंद्र तोमर ने स्पष्ट कहा कि “यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से वृक्षों की कटाई करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रहे हैं और वृक्षारोपण को प्रोत्साहित कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में स्कूली छात्रों, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम सिखाए। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जनमानस को प्रेरित करना और नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना रहा।










Discussion about this post