नई दिल्ली। देश की सर्वोच्च पंचायत यानी लोकसभा की मर्यादा को लेकर गुरुवार को सदन में भारी हंगामा हुआ। हिमाचल प्रदेश से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि जब पूरे देश में ई-सिगरेट प्रतिबंधित है, तब सदन के भीतर एक टीएमसी सांसद लगातार इसका सेवन कर रहे हैं। स्पीकर ओम बिरला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रश्नकाल के दौरान उठा मुद्दा-
दोपहर करीब 11:27 बजे, अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश में तटीयकरण फंड को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से सवाल पूछ रहे थे। अपना सवाल पूरा करने के बाद उन्होंने स्पीकर से व्यवस्था का प्रश्न उठाया। जब स्पीकर ने उन्हें टोकते हुए कहा कि वे सवाल नहीं, केवल आग्रह कर सकते हैं, तब ठाकुर ने यह गंभीर मुद्दा छेड़ा।
अनुराग ठाकुर के तीखे सवाल-
ठाकुर ने स्पीकर से पूछा, “अध्यक्ष जी, पूरे देश में ई-सिगरेट बैन हो चुकी है। क्या सदन के भीतर इसकी अनुमति दी गई है? टीएमसी के एक सांसद कई दिनों से यहाँ बैठकर लगातार ई-सिगरेट पी रहे हैं। इसकी तुरंत जांच कराई जानी चाहिए।” ठाकुर के इस आरोप के बाद सदन में सन्नाटा छा गया और भाजपा के अन्य सदस्यों ने भी इस पर नाराजगी जताई।
स्पीकर ओम बिरला का सख्त रुख-
भाजपा सांसद की इस गंभीर आपत्ति पर स्पीकर ओम बिरला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं सभी माननीय सदस्यों से पुनः आग्रह करता हूँ कि हमें संसदीय परंपराओं और नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। सदन की मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। यदि कोई सदस्य इस संबंध में औपचारिक विषय लेकर आएगा, तो नियमों के तहत निश्चित रूप से जांच और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
ई-सिगरेट पर कानून-
बता दें कि भारत सरकार ने 2019 में ई-सिगरेट के उत्पादन, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री और विज्ञापन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। ऐसे में संसद भवन के भीतर इसका इस्तेमाल न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा और मर्यादा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
संसदीय कार्यवाही के आधिकारिक अपडेट्स के लिए आप संसद टीवी पर जा सकते हैं। अब देखना यह है कि जांच में किस सांसद का नाम सामने आता है और सचिवालय इस पर क्या एक्शन लेता है।











Discussion about this post