मुजफ्फरनगर। राज्य वस्तु एवं सेवाकर (एसजीएसटी) की विशेष जांच शाखा (एसआइबी) यूनिट ने शहर की जयराज साबुन फैक्ट्री पर सर्वे कर बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में फैक्ट्री के क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान टीम ने करीब 6.45 लाख रुपये मूल्य का माल कब्जे में लेते हुए दस्तावेजों की गहन छानबीन की। अनियमितताओं की पुष्टि के बाद 2.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
संयुक्त आयुक्त सिद्धेश दीक्षित ने बताया कि विभाग को जयराज साबुन फैक्ट्री के खिलाफ जीएसटी भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की सत्यता परखने के लिए उपायुक्त मनोज कुमार शुक्ल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने फैक्ट्री में करीब 6 घंटे तक जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान फैक्ट्री के क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेज, बिल और स्टॉक रजिस्टर को खंगाला गया, जिसमें वस्तुओं की खरीद व बिक्री में विसंगतियां मिलीं। दस्तावेजों के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि फैक्ट्री ने जीएसटी नियमों का पूर्ण अनुपालन नहीं किया है। इस आधार पर विभाग ने नियमानुसार 2.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए। इस अभियान में सहायक आयुक्त पी. सिंह, राज्य कर अधिकारी राजेन्द्र शर्मा एवं अनिल कुमार भी शामिल रहे।










Discussion about this post