मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में थाना पुलिस के साथ-साथ LIU, एंटी-सबोटाज टीम, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा बल भी शामिल रहे।
चेकिंग अभियान की अगुवाई सीओ सिटी राजू कुमार साव ने की। उन्होंने बताया कि यह अभियान शहर में कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया है। अभियान के दौरान पुलिस ने बाजारों, चौराहों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गहन जांच की।
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के डिब्बों में चढ़कर यात्रियों के सामान की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। साथ ही यात्रियों से आई कार्ड दिखाने की अपील भी की गई, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। रोडवेज बस स्टैंड पर भी बसों की गहन तलाशी ली गई और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने कहा, “हमारा उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे अभियानों से असामाजिक तत्वों पर नज़र रखी जा सकती है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सकता है।”
पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता ने भी राहत की सांस ली है और इसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी कदम बताया। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान शहर में चलते रहेंगे, जिससे जन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।










Discussion about this post