मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ रेप के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता के परिजनों द्वारा एसएसपी कार्यालय जाकर की गई शिकायत और प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई। एसएसपी के निर्देश पर छपार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली युवकों ने छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसे अपने साथ ले गए और उसके साथ रेप किया। आरोप यह भी है कि घटना के बाद उसे डरा-धमकाकर अंबाला जाने वाली ट्रेन में छोड़ दिया गया, जहां वह बेसुध हालत में मिली।
लगभग दो महीने तक मानसिक तनाव में रहने के बाद छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद जब गांव में चर्चा शुरू हुई, तो आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट भी की।
छपार थाने में पहले सुनवाई न होने पर परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां से तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेई ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगी।











Discussion about this post