शामली। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेकाबू होते नजर आए। दिल्ली से शव लेकर शामली लौट रही एक एंबुलेंस पर बागपत जिले के पास दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने एंबुलेंस को बीच सड़क पर रोकने की कोशिश की और जब ड्राइवर नहीं रुका तो उन्होंने डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर एंबुलेंस के शीशे तोड़ डाले।
एंबुलेंस में मृतक के परिजन भी मौजूद थे, जो इस हमले से बुरी तरह डर गए। चालक किसी तरह वाहन को बचाते हुए बागपत चौराहे तक पहुंचा, जहां पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एंबुलेंस शामली लौटा दी गई।
शामली शहर के आर्यपुरी मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति बीते दिन छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। शामली के एक निजी नर्सिंग होम से उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन डॉक्टर बोहरा की एंबुलेंस से डेड बॉडी लेकर शामली लौट रहे थे।
जब एंबुलेंस रात में बागपत जिले के काठा गांव के पास पहुंची, तो रास्ते में करीब दो दर्जन बदमाश डंडों और पत्थरों के साथ खड़े मिले। उन्होंने एंबुलेंस रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस को दौड़ा दी। इसके बावजूद बदमाशों ने एंबुलेंस पर हमला कर दिया।
डरे-सहमे परिजनों और चालक ने बागपत पुलिस से शिकायत की है। अब पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। इस हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से आए थे या कोई और कारण था।











Discussion about this post