मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत ‘मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के शिव चौक से हुआ, जहां जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, नगर पालिका ईओ प्रज्ञा सिंह, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और सीओ फुगाना रूपाली राव ने संयुक्त रूप से इस जागरूकता वैन को रवाना किया।
इस विशेष LED डिस्प्ले स्क्रीन युक्त वैन के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मिशन शक्ति से संबंधित डिजिटल संदेश, लघु फिल्में और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण गाइडलाइंस प्रसारित की जाएंगी। वैन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी देना है।
कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी सुल्तान सिंह और थाना कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया भी मौजूद रहे। एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि यह अभियान न केवल महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाएगा, बल्कि समाज को भी साइबर अपराधों के खिलाफ सजग करेगा।
इस अवसर पर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रचारित की गई, जिसमें 1090 (महिला सुरक्षा), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), 1930 (साइबर क्राइम रिपोर्टिंग), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), और 1098 (बाल सहायता) प्रमुख हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच कर लोगों को जागरूक करेगा।










Discussion about this post