नई दिल्ली : भारतीय टीम प्रबंधन रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी मैच में मोहम्मद शमी की जगह अर्शदीप सिंह को मौका दे सकता है। न्यूजीलैंड की टीम में पांच बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी और पाकिस्तान के खिलाफ मोहम्मद शमी को लगी मामूली चोट के कारण टीम प्रबंधन यह फैसला ले सकता है।
चैंपियंस ट्रॉफी का आखिरी लीग मैच रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। शुक्रवार को हुए अभ्यास सत्र को संकेत माना जाए तो शमी की जगह पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप इस मैच में खेल सकते हैं। उन्होंने गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ खूब अभ्यास किया और 13 ओवर गेंदबाजी की। शमी ने छोटे रनअप के साथ छह से सात ओवर ही गेंदबाजी की।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मोहम्मद शमी की पिंडली में थोड़ी परेशानी हुई थी। 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में शमी को तीसरे ओवर के बाद फिजियो से दाएं पैर का उपचार करवाना पड़ा था। अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों के हाव-भाव से लग रहा था कि भारत सेमीफाइनल से पहले शमी को आराम दे सकता है।
केएल राहुल ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि यह नहीं कहा जा सकता कि विनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव होगा या नहीं, लेकिन सहायक कोच रेयान टेन डोइशे ने शाम को संकेत दिए कि गेंदबाजी कॉम्बिनेशन में बदलाव हो सकता है।
आखिरी ग्रुप मैच जीतकर भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर बना रहेगा। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया से होगा और दोनों के पास बेहतरीन स्पिनर हैं। भारत ने दोनों मैच जीते हैं लेकिन स्पिनरों ने भारतीयों को परेशान किया है और इसका फायदा सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी न्यूजीलैंड की टीम उठा सकती है।











Discussion about this post