मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र के रोहिणीपुर गांव में 13 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ स्थानीय लड़कों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
घटना 23 मई 2025 की बताई जा रही है। मृतक आदित्य पंवार रोज की तरह अपने कुछ दोस्तों के साथ खेलने निकला था। देर शाम जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद गांव के बाहर एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। यह दृश्य देख परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
मृतक के पिता विजय पंवार ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी पत्नी ने आदित्य के साथ खेलने वाले बच्चों से पूछताछ की। इसमें एक बच्चे ने धमकी भरे लहजे में कहा, “मैं उसे मार दूंगा।” इसके बाद एक अन्य लड़के ने एक लड़के का नाम “सूरज” बताया और कहा कि सूरज भी उस वक्त मौजूद था। जब सूरज से पूछा गया तो उसने बताया कि उसने आदित्य को पेड़ से लटकते हुए अपनी आंखों से देखा। हालांकि, सूरज ने यह नहीं बताया कि आदित्य खुद फांसी पर लटका या उसे किसी ने लटकाया।
विजय पंवार ने संदेह जताया है कि उनके बेटे की आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या की गई है और कुछ लड़कों ने साजिशन इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत पत्र दिनांक 24 मई 2025 को दिया गया, जिसमें साफ लिखा है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु त्वरित व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।











Discussion about this post