मुज़फ्फरनगर। नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे वेटनरी विभाग में एम्बुलेंस सहायक की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और नौकरी का इंतजार कराते हुए महीनों तक टालमटोल किया।
नई मंडी थाना क्षेत्र के निराला नगर, पंचेड़ा रोड निवासी 40 वर्षीय मुकुल रोहतगी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मुकुल ने बताया कि उसकी जान-पहचान सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र स्थित रानीपुर बस्ती निवासी रामकुमार पुत्र धर्म सिंह से थी। जनवरी 2023 में रामकुमार ने उसे बताया कि पशुपालन विभाग में एम्बुलेंस सहायक के पद पर नौकरी निकली है।
रामकुमार ने नौकरी दिलाने के बहाने साढ़े तीन लाख रुपये जमा कराने के लिए कहा। यह राशि मुकुल ने तीन किश्तों में रामकुमार को दे दी, जिसमें से कुछ राशि उसने मुथुट फाइनेंस से गोल्ड लोन लेकर चुकाई।
लगभग दो साल तक नौकरी का इंतजार करने के बाद, 10 जून 2023 को रामकुमार ने मुकुल को नियुक्ति पत्र की फोटोकॉपी व्हाट्सएप पर भेजी और असली कॉपी कंपनी में ज्वाइनिंग के समय मिलने का भरोसा दिलाया।
जब मुकुल नियुक्ति पत्र लेकर कंपनी में गया, तो अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नियुक्ति पत्र जारी नहीं हुआ है। इसके बाद मुकुल ने रामकुमार से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
मंडी पुलिस में शिकायत सुनवाई न होने के कारण मुकुल ने एसीजेएम प्रथम की अदालत में अर्जी दाखिल की। अदालत के आदेश पर मंडी पुलिस ने रामकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post