मुजफ्फरनगर। 11 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुकतीर्थ आगमन की संभावनाओं के मद्देनज़र प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश के मुखिया का समनदास जी महाराज के सत्संग में भाग लेने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। इसके साथ ही मोरना स्थित चीनी मिल में नए प्लांट के भूमि पूजन और जनसभा की भी संभावना जताई जा रही है।
सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशबंधु, एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा, एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह, एसडीएम जानसठ जयेन्द्र सिंह, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ भोपा डॉ. रविशंकर मिश्रा व डीपीआरओ धर्मेन्द्र सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को शुकतीर्थ पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम ने हैलीपैड, समनदास जी महाराज का आश्रम, समाधि स्थल, जनसभा स्थल, भंडारा स्थल, पार्किंग, मुख्य मार्ग और मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के चलते सभी विभाग अलर्ट हो गए हैं। तीर्थनगरी में सैकड़ों सफाईकर्मी व्यवस्था में लगे हुए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा व एसडीओ मोनी सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
उधर, क्षेत्रीय किसानों की वर्षों पुरानी मांग—मोरना चीनी मिल के विस्तार—पर भी कुछ ठोस कदम उठने की संभावना है। कार्यवाहक जीएम ए.के. संगवार ने जानकारी दी कि 275 करोड़ रुपये की लागत से 35,000 टीडीसी क्षमता की नई मिल की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जून को शुकतीर्थ के बाद मोरना चीनी मिल परिसर में नए मिल के भूमि पूजन व जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों से यह संकेत मिल रहा है कि उनका दौरा लगभग तय माना जा रहा है।











Discussion about this post