नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने निजी वाहन चालकों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने बुधवार को FASTag Annual Pass योजना की घोषणा की, जिसे इस साल 15 अगस्त 2025 से पूरे देश में लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत निजी, गैर-व्यावसायिक वाहनों के मालिक ₹3000 सालाना देकर 200 यात्राओं तक टोल फ्री यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह वार्षिक पास कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए है। इसके ज़रिए वाहन चालक पूरे साल या 200 यात्राओं तक (जो पहले हो) बिना दोबारा FASTag रिचार्ज किए राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।
पास को एक्टिव या रिन्यू करने के लिए जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप और NHAI, MoRTH की वेबसाइट पर एक अलग लिंक जारी किया जाएगा। यहां से वाहन मालिक ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत इसे खरीद या नवीनीकृत कर सकेंगे।
गडकरी ने बताया कि यह योजना खासतौर पर 60 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले वाहन चालकों के लिए उपयोगी होगी, जो बार-बार टोल प्लाज़ा से गुजरते हैं और अधिक शुल्क चुकाते हैं। इससे:
- बार-बार भुगतान से मुक्ति मिलेगी
- टोल लेन में प्रतीक्षा और विवाद कम होंगे
- यात्रा सुगम और समय की बचत वाली होगी
सरकार जल्द ही ANPR (Automatic Number Plate Recognition) आधारित टोलिंग सिस्टम भी लागू करने जा रही है। यह RFID आधारित FASTag और हाई-स्पीड कैमरों से वाहन की पहचान करेगा और बिना वाहन रोके टोल शुल्क वसूलेगा। इस तकनीक से टोल प्लाज़ा पर रुकावट मुक्त और तेज़ आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।
‘एक राष्ट्र, एक पास’ की ओर कदम
यह नीति ‘One Nation, One Pass’ की अवधारणा को बल देती है। इसका पूरी तरह ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व रिन्यूअल सिस्टम पारदर्शिता और सुविधा को बढ़ावा देगा। उम्मीद है कि इससे लाखों निजी वाहन चालकों की यात्रा सरल, सुरक्षित और किफायती बनेगी।











Discussion about this post