मेरठ। गुरुवार रात इंचौली थाना क्षेत्र में पुलिस और गो तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी आसिफ उर्फ सोनू पुलिस की गोली से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लग गई और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
बीती रात ग्राम जलालपुर के जंगल में गोकशी की एक घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना इंचौली पर मुकदमा संख्या 91/25, धारा 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने इस केस में पहले ही परवेज उर्फ पप्पू, आकिब, वसीम और कादिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि आसिफ उर्फ सोनू पुत्र गुलजार और उजेफा पुत्र गोला वांछित चल रहे थे। इन दोनों पर ₹25,000-₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
थाना इंचौली पुलिस टीम द्वारा मसूरी पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने बाइक को कच्चे रास्ते पर उतारा और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आसिफ को पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।











Discussion about this post