मुजफ्फरनगर। गांव निराना में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति गन्ना क्रय केंद्र के पास कूड़े के ढेर पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव फलौदा, थाना पुरकाजी निवासी 42 वर्षीय कपिल त्यागी पुत्र सेवाराम त्यागी के रूप में हुई है। पुलिस को उनके पास से एक मोबाइल मिला, जिससे पहचान हो सकी।
थाना सिखेड़ा प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर सूचना मिली थी कि गांव निराना में शुगर मिल परिसर के पास कूड़े के ढेर पर एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। पुलिस टीम ने बिना देरी किए उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, कपिल त्यागी हृदय रोग से पीड़ित थे और बुधवार की सुबह दवाइयां लेने के लिए मुजफ्फरनगर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण ही उनकी मृत्यु हुई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।










Discussion about this post