मुजफ्फरनगर। जिले में नकली कीटनाशकों और उर्वरकों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार को कृषि विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दी। कोर्ट रोड और सदर बाजार की पेस्टीसाइड मार्केट में अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में अधिकांश दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए और दुकानदार मौके से भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक, यह मार्केट सामान्यतः मंगलवार को बंद रहती है और शुक्रवार को सामान्य रूप से खुली होती है। लेकिन जैसे ही कृषि विभाग की छापेमारी की सूचना फैली, दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं। छापेमारी के दौरान अधिकतर दुकानदार अपनी दुकानों के पास भी नहीं दिखाई दिए।
कृषि विभाग की टीमें लंबे समय से नकली कीटनाशकों और उर्वरकों की अवैध बिक्री पर नजर बनाए हुए थीं। इससे पहले जनवरी 2025 में भी बुढाना, खतौली और सदर क्षेत्र में 41 दुकानों पर छापेमारी की गई थी, जिसमें से 16 नमूने लिए गए थे और 8 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे।
नकली कीटनाशकों के चलते जिले के कई किसान फसल बर्बादी की मार झेल रहे थे। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में घटिया और नकली पेस्टीसाइड बेचे जा रहे हैं, जिससे फसलों पर असर नहीं हो रहा और उत्पादन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
कृषि विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जो भी दुकानदार नकली या बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी कीटनाशक या उर्वरक को खरीदने से पहले उसका बिल जरूर लें और लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही सामान खरीदें। यदि उन्हें किसी भी दुकान पर संदिग्ध उत्पाद मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें।










Discussion about this post