मुजफ्फरनगर। मोहर्रम की शुरुआत से पहले जनपद में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर और सीओ सिटी राजू कुमार साव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च खालापार के फक्कर शाह चौक से शुरू होकर जैनबिया स्कूल, किदवई नगर होते हुए संपन्न हुआ।
इस दौरान खालापार कोतवाली प्रभारी महावीर चौहान, शहर कोतवाली प्रभारी, तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह फ्लैग मार्च मोहर्रम के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से निकाला गया है।
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने जानकारी दी कि 27 जून से मोहर्रम माह की शुरुआत हो चुकी है, और मजलिसें शुरू हो गई हैं। आने वाले दिनों में जुलूस भी निकाले जाएंगे। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पैदल मार्च के दौरान क्षेत्र की समस्याओं को देखा गया है, और जहां भी खामियां पाई गई हैं, उन्हें PWD, बिजली विभाग और नगर पालिका को सूचित कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर शिया धर्मगुरु रौनक हसनैन जैदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मोहर्रम की मजलिसों में केवल गम मनाया जाता है, और किसी भी प्रकार का भड़काऊ भाषण नहीं दिया जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अवसर इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है और किसी समुदाय विशेष के खिलाफ कुछ नहीं कहा जाता।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जुलूस और मजलिसें सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित करें, जिससे जिले में शांति और भाईचारा बना रहे।











Discussion about this post