मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के बाकर नगर गांव में बुधवार दोपहर दो छात्राओं के अपहरण के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। कॉलेज से लौट रहीं छात्राओं को अज्ञात बाइक सवार ने जबरन बिठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन सूझबूझ से काम लेते हुए छात्राओं ने चलती बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
बाकर नगर निवासी सागर ने बताया कि उसकी बहन नीतू और गांव की ही छात्रा बबीता बुधवार को कॉलेज से लौट रही थीं। कासमपुर-बरूकी मार्ग पर एक अज्ञात युवक ने बाइक पर लिफ्ट देने की बात कहकर उन्हें बाकर नगर छोड़ने का प्रस्ताव दिया। पहले तो छात्राओं ने इनकार किया, लेकिन युवक के बार-बार आग्रह पर वे बाइक पर बैठ गईं।
गांव के पास पहुंचते ही जब छात्राओं ने बाइक रुकवाने को कहा, तो युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। खतरा भांपकर नीतू और बबीता चलती बाइक से कूद गईं, जिससे वे घायल हो गईं। छात्राएं किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन गांववालों के साथ भोपा थाने पहुंचे और अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। इस घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है।











Discussion about this post