मुजफ्फरनगर। फतेहपुर सीकरी में हुए तिहरे हत्याकांड पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय पर बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को सौंपा गया।
बैठक की अध्यक्षता भाकियू के ज़िलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने की। उन्होंने बताया कि यह मासिक बैठक थी, जिसमें संगठन की बीते माह की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक का मुख्य मुद्दा हाल ही में फतेहपुर सीकरी में हुए जघन्य तिहरे हत्याकांड पर विरोध दर्ज कराना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष की रणनीति तय करना रहा।
नवीन राठी ने बताया कि मृतकों के परिवार को भाकियू की ओर से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। साथ ही सरकार से मांग की गई है कि पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। हत्याकांड के गवाहों को सुरक्षा प्रदान की जाए। मृतकों के परिजनों को लाइसेंसी शस्त्र दिए जाएं ताकि वे अपनी सुरक्षा कर सकें। परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। परिवार को आजीवन मुफ्त शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।










Discussion about this post