मेरठ। थाना कोतवाली क्षेत्र के वैधवाड़ा में एक फेरीवाले ने दिनदहाड़े घर में घुसकर चेन लूट ली और फरार हो गया। पीड़िता आभा शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने अपनी अटैची की चेन फेरीवाले से ठीक कराई थी। इसके बाद से युवक उसकी गली में घूम रहा था।
वह 15 अप्रैल को फिर से उनके घर पहुंचा और आभा शर्मा के पति सुधाकरनाथ शर्मा के बारे में पूछा। सुधाकर शर्मा घर पर नहीं थे। 16 अप्रैल की दोपहर करीब 1:45 बजे आरोपी उनके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। घर में आभा शर्मा अकेली थी।
उन्होंने दरवाजा खोलकर युवक से आने का कारण पूछा। इस पर युवक ने बताया कि आपके पति पर मेरे कुछ रुपये उधार रह गए थे, वह लेने आया हूं। जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और भाग निकला। पुलिस ने सुधाकर शर्मा से सफाई करने के बहाने सोने की चेन लेकर भाग जाने की तहरीर लिखवाई और रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।











Discussion about this post