मुजफ्फरनगर। मीरापुर टोल प्लाजा शुक्रवार को उस समय तनाव का केंद्र बन गया जब भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री कराने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर इकट्ठा हुए और टोल शुल्क बंद करवा दिया। इस दौरान टोल कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। मीरापुर थाना प्रभारी बबलू वर्मा और आसपा के युवा जिला प्रभारी हुमायूं सिद्दीकी के बीच नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि थाना प्रभारी हुमायूं को धक्का देकर जबरन गिरफ्तार करते हैं।
गौतम रवि, जो भीम आर्मी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हैं, उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लेकिन जब भीड़ का आक्रोश बढ़ता गया, तो हालात काबू करने के लिए पुलिस ने दोनों नेताओं को रिहा कर दिया।
बवाल की वजह 3 दिन पुरानी उस झड़प को बताया जा रहा है जो टोल कर्मियों और हुमायूं सिद्दीकी के समर्थकों के बीच हुई थी। उसी के बाद हुमायूं ने टोल फ्री करने की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को उसी चेतावनी को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रदर्शन किया गया, जो अंततः टकराव में बदल गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।











Discussion about this post