मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। युवक पिछले दो महीने से रामबाग कॉलोनी में प्रेमिका के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था, जबकि उसकी शादी वर्ष 2016 में अलीगढ़ की युवती से हुई थी और दोनों की दो बेटियां (8 और 4 साल की) हैं।
पत्नी को अपने पति पर शक था, इसलिए उसने शुक्रवार सुबह परिजनों के साथ मिलकर उसका पीछा किया। जब पति रामबाग कॉलोनी में एक मकान में प्रेमिका के साथ मिला, तो पत्नी ने मौके पर ही पति की धुनाई कर दी। यह पूरी घटना स्थानीय लोगों ने देखी और किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। नौचंदी थाने में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। पत्नी का कहना था कि वह अब भी पति के साथ रहना चाहती है, ताकि उनकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। वहीं, पति की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि यदि कोई तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post