मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डीजल चोरी के मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 4300 लीटर डीजल, 1,05,000 रुपये नगद और एक पिकअप ट्रक (UP32 BT 0935) बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल चोरी में किया गया था।
इस कार्रवाई को पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया। टीम में थाना प्रभारी दिनेश चंद समेत कुल 11 पुलिसकर्मी शामिल थे।
31 मई 2025 को साउथ सिविल लाइन निवासी अभिमन्यु चौहान ने नई मंडी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरके फ्यूल स्टेशन, ट्रांसपोर्ट नगर में कार्यरत कर्मचारी सलमान और जोनीपाल द्वारा 7000 लीटर डीजल चोरी किया गया है। इस पर थाना पुलिस ने FIR संख्या 274/2025 के तहत धारा 303(2), 317(3), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
8 जून की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बाईपास रोड स्थित एक खंडहर मकान पर छापा मारा, जहां चार लोग प्लास्टिक ड्रमों में डीजल भरकर पिकअप ट्रक में लोड कर रहे थे। पुलिस ने मौके से चारों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी सलमान पुत्र मालेखां, निवासी नऊआ नगला, भोजीपुरा, बरेली (उम्र 26 वर्ष),जफरूद्दीन पुत्र तसलीम, निवासी सुल्तानपुर, नौगांवा सादात, अमरोहा (उम्र 42 वर्ष),सतीश पाल उर्फ जोनीपाल पुत्र राजपाल, निवासी नसीरपुर, मुजफ्फरनगर (उम्र 42 वर्ष),जिंकल पुत्र भगवान सिंह, निवासी तुगलकाबाद, रज्जेपुर, अमरोहा (उम्र 24 वर्ष) है।
पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह फ्यूल स्टेशन पर टैंक और मशीन लगाने का कार्य करता था। 21 अप्रैल को डाले गए डीजल में से धीरे-धीरे सबमर्सिबल पंप से चोरी की गई 7000 लीटर डीजल में से कुछ सड़क किनारे ट्रक चालकों को बेच दी गई थी, जबकि बाकी डीजल खंडहर मकान में छिपाया गया था।
चोरी से कमाए पैसे अभियुक्तों ने आपस में बांट लिए थे। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के समय ये लोग शेष डीजल को पिकअप ट्रक में लादकर ले जा रहे थे।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी दिनेश चंद, उप निरीक्षक मोहित सिंह, चरण सिंह, संदीप सिंह, तूफान सिंह सहित अन्य कांस्टेबल शामिल थे।











Discussion about this post