मुजफ्फरनगर। जनपद की साकेत कॉलोनी की गली नंबर 3 में स्थित एक कथित अवैध धार्मिक स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। स्थानीय निवासियों और राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने इसे सार्वजनिक मार्ग पर बना अवैध निर्माण बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
संगठन की ओर से कहा गया है कि यदि 14 जून तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो 15 जून को स्थानीय लोग एवं संगठन के कार्यकर्ता मिलकर प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करेंगे।
राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोरा ने बताया कि यह धार्मिक ढांचा सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पहले भी कई बार ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शर्मा अरोरा ने बैठक में कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार यदि कोई भी धार्मिक ढांचा सार्वजनिक स्थान या सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया है, तो उसे हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मुद्दे पर अब तक निष्क्रिय बना हुआ है।
संगठन ने पहले 10 जून तक की समयसीमा दी थी, लेकिन मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर अब 14 जून कर दिया गया है। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका विरोध शांतिपूर्ण होगा और कानून व्यवस्था का पूरा सम्मान रखा जाएगा।
प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।











Discussion about this post