मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन और धोखाधड़ी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। आरोपियों के पास से एक मारुति अर्टिगा कार, एक महिंद्रा अर्जुन ट्रैक्टर और घटना में प्रयुक्त छुरा बरामद किया गया है।
पीड़ित व्यक्ति ने 27 अगस्त 2025 को शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने पिछले तीन वर्षों से उसे योजनाबद्ध तरीके से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जबरन उसका खतना करवा कर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की। यही नहीं, आरोपियों ने धोखाधड़ी से पीड़ित की संपत्ति भी हड़प ली।
शिकायत में बताया गया कि पीड़ित का ट्रैक्टर और अर्टिगा कार हड़प ली गई। 100 गज का प्लॉट और लगभग 50 लाख रुपये की जमीन फर्जी तरीके से अपने नाम करवा ली गई। 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की जमीन बेचकर उसकी रकम भी हथिया ली गई।
शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। 28 अगस्त को पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों यामीन, गुलजार, इकराम, हाफिज शहनवाज और नाई मुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के अलावा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में विस्तृत जांच की जा रही है।










Discussion about this post