मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ (शुक्रताल) में प्रदेश की आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना को मजबूत करने वाले भव्य संत समागम की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में हाल ही में प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार मंत्री और मुजफ्फरनगर के नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अखिल भारतीय संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मंदिर के पीठाधीश्वर महंत गोरधनदास जी महाराज भी मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य 11 जून 2025 को आयोजित होने वाले संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मंदिर, शुकतीर्थ में प्रस्तावित विशाल संत समागम एवं सत्संग कार्यक्रम का मुख्यमंत्री को आमंत्रण देना रहा। इस आयोजन में देशभर से हजारों संत, महात्मा, श्रद्धालु और भक्तों के सम्मिलित होने की संभावना है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरण और संत परंपरा के प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो सनातन संस्कृति की जड़ों को और भी गहरा करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपने आगमन की स्वीकृति प्रदान की और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान मंत्री कपिल देव ने मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और जनसहयोग से हो रही गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंत्री कपिल देव ने कहा, “यह भेंटवार्ता संत परंपरा और सामाजिक समरसता की एक सशक्त अभिव्यक्ति थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आगमन न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था को बल देगा बल्कि सामाजिक समरसता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।”
आगामी 11 जून को शुकतीर्थ में होने वाला यह संत समागम निश्चित रूप से प्रदेश के आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति इसे और अधिक गौरवमयी बनाएगी।










Discussion about this post