मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून का इकबाल बुलंद करने और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में ‘अपराध गोष्ठी’ की। बैठक में एसएसपी के तेवर बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों और अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
महिला सुरक्षा पर ‘जीरो टॉलरेंस’-
एसएसपी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए ‘मिशन शक्ति’ अभियान को और अधिक आक्रामक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो टीमें केवल कागजों पर नहीं बल्कि जमीन पर सक्रिय दिखनी चाहिए। स्कूल, कॉलेज, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित चेकिंग के साथ-साथ पुलिस को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील और शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी गई।
संपत्ति कुर्की और गैंगस्टर पर प्रहार-
बैठक में संगठित अपराध के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन’ चलाने का खाका तैयार किया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि:
शराब, खनन, पशु और शस्त्र तस्करी में शामिल माफियाओं पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
गैंगस्टर की धारा 14(1) के तहत अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को तत्काल जब्त करने की प्रक्रिया शुरू हो।
प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के टॉप-10 और हिस्ट्रीशीटरों की कुंडली खंगाले और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे।
भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार-
पुलिस विभाग की छवि सुधारने के लिए एसएसपी ने जीरो टॉलरेंस नीति की बात दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब, सट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार में यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता या लापरवाही पाई गई, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लंबित विवेचनाओं का होगा त्वरित निस्तारण-
एसएसपी ने थानों में लंबित पड़े मामलों (विवेचनाओं) के निस्तारण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाकर छापेमारी करने के आदेश दिए।
इस गोष्ठी के बाद अब मुजफ्फरनगर पुलिस आने वाले दिनों में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी में है। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।










Discussion about this post