मुजफ्फरनगर। जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश यातायात परिवहन विभाग एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्रों को ‘सड़क सुरक्षा’ और ‘अग्निशमन सुरक्षा’ के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे ने किया। उन्होंने छात्रों को सड़क पर सुरक्षित चलने, वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियाँ बरतने और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी। चौबे ने बताया कि सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलना चाहिए।
निर्धारित गति सीमा का पालन आवश्यक है। सामान्यतः 40 किलोमीटर प्रति घंटा को आदर्श गति मानी जाती है। 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को गियरवाली गाड़ी चलाना कानूनी रूप से वर्जित है। ट्रैफिक संकेतों का पालन करना, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण होना अनिवार्य है।
इसके अतिरिक्त, अग्निशमन विभाग की ओर से श्रीमान निषित जैन एवं उनकी टीम ने छात्रों को अग्निशमन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। छात्रों एवं विद्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने आग बुझाने का अभ्यास किया जिसमें गैस सिलेंडर में लगाई गई आग को नियंत्रित रूप से बुझाने का तरीका सिखाया गया। इसके साथ ही, अग्निशमन कर्मियों ने विभिन्न ज्वलनशील पदार्थों की पहचान एवं उनसे लगने वाली आग से निपटने के उपायों की भी जानकारी दी।
अंत में, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा एवं विद्यालय प्रबंधक महोदय ने पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार चौबे और अग्निशमन अधिकारी निषित जैन को संयुक्त रूप से स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने इन दोनों विभागों का धन्यवाद करते हुए कहा कि छात्रों को दी गई यह जानकारी उनके जीवन में सुरक्षा की भावना को और भी मजबूत करेगी।










Discussion about this post